मैनपुरी। वर्तमान में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। घरों से लेकर बाहर तक उनके पर अत्याचार हो रहे हैं। महिलाएं सबसे अधिक घरेलू हिंसा की शिकार हैं। जानकारी के अभाव में वह अपनी पीड़ा किसी को नहीं बता सकतीं। ऐसी महिलाओं को न्याय दिलाना प्राथमिकता होगी। इसके लिए महिला आयोग हर स्तर पर उनके हक की लड़ाई लड़ेगा। महिलाएं नि:शुल्क हेल्प लाइन नंबर पर भी शिकायतें दर्ज करा सकती हैं।
यह बातें राज्य महिला आयोग की सदस्य रीता गुप्ता ने अपने आवास पर पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि महिलाओं के शोषण संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा। बलात्कार एवं यौन हिंसा से पीड़ित महिलाओं के संबंध में तत्काल विधिक कार्रवाई कराई जाएगी। महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस न करें। उत्पीड़न के विरोध में आवाज उठाएं। वह महिलाओं की हर संभव मदद को तैयार हैं।
गुप्ता ने कहा कि वह शीघ्र ही घरेलू हिंसा अधिनियम 2005 से संबंधित जागरूकता अभियान चलाएंगी। ग्रामीण क्षेत्रों में कई महिलाओं को जानकारी नहीं है। महिलाओं को विभिन्न समस्याओं की सुनवाई के लिए आयोग कार्यालय में दो प्रतियों में सिर्फ शिकायती प्रार्थना पत्र भेजने हैं। शिकायती प्रार्थना पत्र के साथ किसी तरह की फीस अथवा शपथ पत्र लगाने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिलाएं आयोग द्वारा संचालित नि:शुल्क महिला हेल्प लाइन नंबर 18001805220 पर शिकायत दर्ज करा सकती हैं। वार्ता के दौरान समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष नसीरुद्दीन वारसी आदि मौजूद थे।