मैनपुरी। लैपटाप वितरण में सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी वरिष्ठ पंक्ति प्रभारी और सहायक पंक्ति प्रभारी की होगी। इसलिए सभी सजग रहकर अपने दायित्वों की निर्वहन करें। यह निर्देश जिलाधिकारी वीके आनंद ने लैपटाप वितरण में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को दिए।
वह क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। डीएम ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि विद्यालय से कार्यक्रम स्थल सैफई और वहां से वापस स्कूल तक लाने की जिम्मेदारी आप सभी को निभानी है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक 50 बच्चों पर एक वरिष्ठ पंक्ति प्रभारी, सहायक पंक्ति प्रभारी, कानूनगो, लेखपाल एवं दो सफाई कर्मी तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी कमी पर सीधे लखनऊ से कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि सैफई में पंडाल के तीन, चार और छह नंबर ब्लाक जनपद के बच्चों के लिए आरक्षित हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि ब्लाक नंबर तीन के लिए एसडीएम-सदर, ब्लाक नंबर चार के लिए एसडीएम-भोगांव और ब्लाक नंबर छह के लिए एसडीएम-करहल को नोडल अधिकारी बनाया गया है। जनपद के पांच विद्यालयों में से एसडीएम-सदर को डा. भीमराव अंबडेकर महाविद्यालय, एसडीएम-भोगांव को नेशनल महाविद्यालय भोगांव, एसडीएम-करहल को चित्रगुप्त कालेज, राजस्व अधिकारी को आरसी कन्या महाविद्यालय एवं जिला पिछड़ा वर्ग अधिकारी को एकरसानंद संस्कृत महाविद्यालय पर तैनात किया गया है। इन्हीं विद्यालयों के सभी पात्र प्रात: छह बजे कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होंगे। उन्होंने बताया कि सभी कार्मिकों को 22 जून को पुन: अपराह्न 12:00 बजे क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान में उपस्थित होना है। कार्यक्रम प्रारंभ होने से पूर्व सभी वरिष्ठ पंक्ति प्रभारी अपने विद्यार्थियों से लैपटाप वितरण की रसीद प्राप्त करेंगे और उसे डीआईओएस को उपलब्ध कराएंगे। इस अवसर पर सभी एसडीएम के अतिरिक्त जिला विकास अधिकारी आरके गौतम, आचार्य टीईपी सेंटर जीके त्रिवेदी, जिला विद्यालय निरीक्षक गजराज सिंह, एआरओ विनीत कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी एके मिश्रा आदि उपस्थित थे।