मैनपुरी। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक की मौत हो गई और सात लोग घायल हो गए। पिता-पुत्र को गंभीर हालत में परिवार के लोग सैफई ले गए हैं।
थाना बरनाहल के हकीमपुर निवासी विपिन (40) मंगलवार शाम बरनाहल चौराहे पर गांव जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे। तभी सामने से आई टाटा मैजिक (यूपी84टी/1281) ने टक्कर मार दी। इस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक मैजिक लेकर भाग गया। सूचना पाकर परिवार के लोग वहां आ गए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। वहीं जनपद कन्नौज के प्रेमपुर निवासी हिम्मत सिंह बुधवार सुबह कार से आगरा जा रहे थे। कार को उनका पुत्र धीरज चला रहा था। कार में हिम्मत सिंह के भाई महावीर सिंह, भतीजा गिरधारी सिंह भी सवार थे। धीरज जब कार लेकर थाना बेवर क्षेत्र में बनकिया के पास पहुंचा तभी सामने से आए ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। चालक ट्रक लेकर भाग गया। सूचना पाकर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। हिम्मत और धीरज को गंभीर हालत में परिवारीजन सैफई ले गए हैं। थाना कोतवाली के छपट्टी निवासी राकेश चंद्र बुधवार की सुबह बाइक से पत्नी तारा देवी के साथ बेवर जा रहे थे। जब वह भोगांव क्षेत्र में रेलवे क्रासिंग के पास पहुंचे तभी सामने से आई डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दी। दंपति को चोटें आईं। मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने घायल दंपति को अस्पताल में भर्ती कराया है।