मैनपुरी। रविवार रात एटा जिले में लगुन चढ़ाने गए लोग लौकी की लॉज खाने के बाद फूड प्वाइजिंग के शिकार हो गए। इससे पीड़ित 36 लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। वहां से 23 लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थाना बिछवां क्षेत्र के गांव पाल निवासी उजागर सिंह शाक्य की पुत्री की शादी जनपद एटा के थाना अलीगंज क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदनगर बझेरा निवासी विशुनदयाल के पुत्र दीनदयाल के साथ तय हुई है। 11 मई को ग्रामीण लगुन चढ़ाने गए थे। लोगों के अनुसार रात 10 बजे के लगभग उन्होंने लौकी की लॉज खाई। इसके बाद से उन्हें उल्टी दस्त शुरू हो गए। गंभीर हालत में 36 लोगों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने हालत में सुधार होते न देख 23 को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
गंभीर हालत में सुबह 4:10 बजे से पाल निवासी कोतवाल (35), पुष्पेंद्र (18) पुत्र चरन सिंह, तिलक सिंह (40), दिनेशचंद्र (40), निरंजन (45), रामरतन (45), अनीश (20), नेत्रपाल (42), इंद्रजीत (40), दफेदार (42), जयचंद्र (19), अजीत (17), मनोज (22), नीलेश (25), ऊदल सिंह के नौ वर्षीय पुत्र अभय, पुष्पेंद्र (18), पृथ्वीराज के पांच वर्षीय पुत्र पारस, मनोज (17), ओमकार (30), पृथ्वीराज (32), अनीता (24), पृथ्वी सिंह क ा आठ वर्षीय पुत्र आर्शिक, नीलेश (25) को जिला अस्पताल लाया गया। वहां चिकित्सकों ने सभी का इलाज शुरू किया। इलाज के दौरान सभी की हालत में सुधार है। वहीं अन्य को अलीगंज से कायमगंज भेज दिया गया।
-----
अस्पताल में चरमराई व्यवस्थाएं
अल सुबह अचानक फूड प्वाइजनिंग के शिकार 23 रोगियों के पहुंचने से इमरजेंसी में व्यवस्थाएं चरमरा गईं। एक-एक बेड पर दो-दो लोगों को लिटाया गया। आननफानन में फिजीशियन, अन्य चिकित्सक तथा कर्मचारियों को बुलाकर सभी का इलाज किया जा सका।
------------
समारोह में खाना खाते समय सेहत का ध्यान रखें। दूषित, वासी भोजन और अधिक वसा युक्त भोजन खाने से बचें। सलाद का अधिक खाएं। उल्टी दस्त होने पर तत्काल कुशल चिकित्सक से परामर्श लें।
- डाक्टर जेजे राम, फिजीशियन जिला अस्पताल