मैनपुरी/दन्नाहार। थाना दन्नाहार क्षेत्र में शुक्रवार को तड़के एचटी लाइन एलटी लाइन पर गिर गई। इस कारण कई घरों के विद्युत उपकरण फुंक गए। इस दौरान टिल्लू पंप लगे हैंडपंप पर नहा रहा छात्र उदित भी गंभीर रूप से झुलस गया। जिला अस्पताल ले जाते समय छात्र की मौत हो गई। छात्र की मौत से परिवार में कोहराम है। उदित ने इसी साल हाईस्कूल की परीक्षा दी थी और रिजल्ट में पास भी था।
थाना दन्नाहार क्षेत्र के ग्राम नगला मदारी निवासी जगदीश जाटव का पुत्र उदित कुमार (15) जनता इंटर कालेज नौनेर में कक्षा 10 का छात्र था। उदित शुक्रवार को परीक्षा परिणाम देखने के लिए गुरुवार की शाम से ही काफी उत्सुक था। शुक्रवार को सुबह 5:30 बजे उदित घर पर हैंडपंप में लगे टिल्लम पंप से नहा रहा था। अचानक गांव में एचटी लाइन टूटकर एलटी लाइन पर गिर गई। इससे टिल्लू पंप में प्रवाहित करंट की चपेट में आकर उदित गंभीर रूप से झुलस गया।
परिवारीजन गंभीर हालत में उदित को जिला अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते में मैनपुरी के समीप पहुंचने पर उसकी मौत हो गई। परिवारीजनों का कहना है कि यदि लाइन के नीचे गार्डिंग कराई जाती तो यह हादसा नहीं होता। उदित के दोस्त जब परीक्षा परिणाम देखने गए तो उदित 58.66 प्रतिशत अंकों के साथ परीक्षा में उत्तीर्ण हुआ है।
इन घरों में भी फुंके उपकरण
गांव में एचटी लाइन एलटी लाइन पर गिरने से गांव के प्रेमपाल, सियाराम, नीरज, राजबहादुर, रामौतार, पप्पू, राकेश, अंगद सिंह आदि के घरों के विद्युत संचालित उपकरण फुंक गए। ग्रामीणों में बिजली विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश है।
करंट से मरी भैंस
भांवत रोड स्थित अमन पब्लिक स्कूल के सामने दिनेश श्रीवास्तव की भैंस शुक्रवार को घर के बाहर बंधी थी। भैंस पास में लगे खंभे की स्टिक में प्रवाहित करंट की चपेट में आ गई। करंट से भैंस की मौके पर ही मौत हो गई।
एसडीओ को जानकारी ही नहीं
नगला मदारी में इतनी बड़ी घटना के बाद भी बिजली विभाग के अधिकारी घटना से अनजान होने का दावा कर रहे थे। शाम चार बजे एसडीओ एमके राय का कहना था कि अभी तक उन्हें किसी भी घटना की जानकारी नहीं मिली है। यदि घटना हुई है तो वह जांच कराकर देखेंगे। जो भी दोषी होगा कार्रवाई की जाएगी।