भोगांव (ब्यूरो)। सड़क दुघर्टनाओं में दो लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। घटना की रिपोर्ट मृतकों के परिवारीजनों ने थाना कोतवाली में दर्ज कराई है।
जनपद फर्रुखाबाद के थाना कोतवाली फतेहगढ़ के भीमसेन मार्केट भोलेपुर निवासी दिनेश कुमार कटियार अपने साले विमल कटियार के साथ मंगलवार को मारुति कार में सवार होकर मथुरा से घर लौट रहे थे। भोगांव मैनपुरी रोड स्थित ग्राम सूजापुर के निकट सामने से आए ट्रैक्टर ने कार को अपनी जद में ले लिया। हादसे में वह और उनका साला गंभीर रूप से घायल हो गए। नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें आगरा रेफर कर दिया। आगरा जाते समय विमल कुमार की मौत हो गई। मामले में दिनेश ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं जनपद फर्रुखाबाद के थाना मेरापुर के ग्राम छनैना निवासी सुकेंद्र और गांव का ही राहुल विगत छह अगस्त को बाइक से दोपहर में मैनपुरी जा रहे थे। भोगांव मैनपुरी रोड स्थित सुशीला पेट्रोल पंप के सामने टेंपो ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सुकेंद्र और राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। यहां सुकेंद्र की मौत हो गई। मामले में सुकेंद्र के भाई अवनेश कुमार ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट कराई है।