मैनपुरी। बाबा नीमकरोरी महाराज की 41वीं पुण्यतिथि पर आठ सितंबर को होने वाले भंडारे की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सुबह सात बजे से धार्मिक आयोजन शुरू हो जाएंगे। दोपहर एक बजे से शुरू होने वाला भंडारा देर रात तक जारी रहेगा। भंडारा स्थल तक श्रद्धालुओं को ले जाने और वापस भेजने के लिए नि:शुल्क टेंपो की व्यवस्था की जा रही है।
बाबा नीमकरोरी महाराज की पुण्यतिथि पर होने वाले भंडारे का आयोजन मां शीतला धाम में मां काली मंदिर के निकट होगा। शुक्रवार को भंडारे की तैयारियों की समीक्षा के लिए नीमकरोरी महाराज सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए जिम्मेदारियां सौंपी गईं। अध्यक्ष ने बताया कि भंडारे को लेकर होने वाली सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। बाहर से कई संत-महात्मा आएंगे उनके रुकने आदि की व्यवस्था की जाएगी। सुबह बाल भोग के बाद गुरु पूजन होगा। इसके बाद शुरू होने वाला भंडारा तब तक जारी रहेगा जब तक सभी आने वाले प्रसाद ग्रहण नहीं कर लेते।
उन्होंने बताया कि बाबा के लिए छप्पन भोग लगाया जाएगा और मथुरा के कारीगरों द्वारा बाबा नीमकरोरी का फूल बंगला बनाया जाएगा। 101 दीपों से बाबा की महाआरती की जाएगी। बाबा के सभी भक्तों से सपरिवार भंडारे में आकर प्रसाद ग्रहण करने की अपील करते हुए उन्होंने बताया कि भंडारे में आने के लिए घंटाघर चौराहे, करहल रोड से नि:शुल्क टेंपो उपलब्ध रहेंगे। भंडारे में महिलाओं की अलग व्यवस्था की गई है। बैठक में रामसनेहीलाल, कृष्णगोपाल चौहान, रामगोपाल चौहान, अजय सक्सेना, पप्पू चौहान, सुरेंद्र बाथम, अंबुज तोमर, संतोष गुप्ता, शैलेंद्र मिश्रा आदि मौजूद थे।