मैनपुरी। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में यात्रियों को जल्द ही परिवहन निगम की बसों में यात्रा करने का लाभ मिलेगा। इसके लिए विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों के आठ रूटों को चिह्नित कर लिया है। इन रूटों का प्रस्ताव जिले में स्थित दोनों डिपो से भेजा गया है।
ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन के साधनों का अभाव है। इसके चलते गांव के लोगों को मुख्यालय या अन्य जिलों के लिए जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई रूटों पर लोगों को डग्गामार वाहनों का ही सहारा है। अब परिवहन विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों में जनता बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके लिए परिवहन मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव ने बस चलो गांव की ओर योजना शुरू की है। इसके तहत विभिन्न जिलों के डिपो से बसों के लिए प्रस्ताव मांगे गए हैं।
एआरएम मैनपुरी डिपो एचके मिश्रा ने बताया कि मैनपुरी डिपो से चार रूटों का प्रस्ताव बस चलाने के लिए शासन को भेजा गया है। इनमें किशनी, बरनाहल, रामनगर रूट शामिल हैं। एक रूट के प्रस्ताव में कुछ संशोधन के बाद नाम बताया जाएगा। वहीं, बेवर डिपो के एआरएम संजीव यादव का कहना है कि उन्होंने भी चार रूटों का प्रस्ताव भेजा है। इनमें सकरावा, जहानगंज, गढ़िया और शमशेरगंज के रूट शामिल हैं। प्रस्ताव पास होने पर उक्त रूटों पर बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। जनता बस सेवा शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों में सबसे अधिक फायदा छात्र-छात्राओं और दैनिक काम पर आने वाले लोगों को होगा।
----
कम होगा बसों का किराया
अधिकारियों के अनुसार योजना के तहत संचालित की जाने वाली जनता बसों में रोडवेज की अन्य बसों से 25 प्रतिशत कम किराया होगा। इन बसों की एमएसटी भी सस्ती होगी। किराया कम होने का कारण यह है कि इन बसों को सिर्फ ग्रामीणों की सहूलियत के लिए चलाया जा रहा है।
------
सुरक्षा के होंगे पुख्ता इंतजाम
जनता बस सेवा के तहत आने वाली बसों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होंगे। इन बसों में महिलाओं और छात्रों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगे होंगे। अभी तक की योजना में इन पर भी कार्य चल रहा है।