मैनपुरी। थाना कोतवाली क्षेत्र में गोवंश के कटान की सूचना पर पुलिस ने ग्राम सिकंदरपुर में छापा मारा। पुलिस को वहां 80 किलो मांस, एक कटा बछड़ा और 10 बछड़े जिंदा बंधे मिले। चार गौकश भी मौके पर मिले। इनमें एक पुलिस को चकमा देकर भाग गया। जबकि तीन को पुलिस ने बंदी बना लिया।
एक सूचना पर कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ नगर के समीपवर्ती ग्राम सिकंदरपुर में नकीम कुरैशी के घर पर छापा मारा। वहां 80 किलो मांस, एक कटा बछड़ा और 10 जीवित बछड़े बंधे मिले। चार गौकश अपने हाथों में छुरे लेकर गोवंश का कटान कर रहे थे। पुलिस की जानकारी होते ही गौकश भागने लगे। पुलिस ने इनमें से तीन को छुरों सहित पकड़ लिया। जबकि एक भाग गया। कोतवाली लाकर पुलिस ने पूछताछ की तो उन्होंने अपने नाम नकीम कुरैशी, मोहम्मद आरिफ कुरैशी, अंसार अली कुरैशी निवासी सिकंदरपुर थाना कोतवाली बताए। भागे हुए साथी का नाम मोहम्मद अकरम कुरैशी निवासी सिकंदरपुर बताया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ने चारों के खिलाफ गोवध अधिनियम की धारा के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में कहा है कि आरोपियों के इस कृत्य से दो समुदायों में वैमनस्यता बढ़ रही है। पुलिस अकरम कुरैशी की तलाश में दबिश दे रही है।
----
महिलाओं ने पुलिस पर लगाया लूट का आरोप
थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिकंदरपुर में पकड़े गए गोकशों के परिवार की महिला शाबरा बेगम ने गांव की महिलाओं के साथ एसपी को प्रार्थना पत्र दिया है। इसमें कहा कि बुधवार को कोतवाली पुलिस उसके घर में घुस गई। पुलिस घर से नकदी, आभूषण ले गई है। शाबरा ने एसपी से नकदी आभूषण दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
-----
जिले में बड़े पैमाने पर गौकशी हो रही है। यदि पुलिस इसी तरह कार्रवाई करे तो काफी हद तक गोकशी पर रोक लग सकती है। बुधवार को कोतवाली पुलिस ने सही काम किया है। अन्य स्थानों पर भी शीघ्र ही छापामारी कर कार्रवाई करनी चाहिए।
- प्रमोद दुबे बाबा, अध्यक्ष भारतीय गौ सेवा समिति