छाता। कोतवाली छाता के गांव बहरावली में रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट, पथराव के बाद फायरिंग हुई। इस घटना में पांच लोग घायल हो गए।
गांव के महावीर सिंह फौजी और देवेंद्र के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी। गुरुवार सुबह आठ बजे महावीर फौजी, उसके पिता पदमसिंह, भाई महेश घर पर थे। आरोप है कि तभी गांव के देवेंद्र, लेखराज, धर्मवीर, केशव, शिवहरी, सचिन, दानवीर, बच्चू ने घर में घुसकर मारपीट कर दी। विरोध करने पर हमलावरों ने बाहर निकल कर पथराव कर दिया और फायरिंग कर दी। मारपीट में महावीर सिंह फौजी, पदमसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच-बचाव में गांव के महेश को भी चोटें आई हैं। महावीर पक्ष के लोगों द्वारा की गई मारपीट में लेखराज, केशव घायल हो गए। पुलिस को दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों को मेडिकल के लिए भेज दिया।