मऊ। पांच हजार की आबादी लेकिन एक भी इंडिया मार्का हैंडपंप नहीं। इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां के लोग पानी के लिए रोजाना कितना मशक्कत करते होंगे। जी हां हम बात कर रहे हैं नगर क्षेत्र के वार्ड नंबर 15 मुंशीपुरा की। जहां सोमवार को पानी न मिलने से आक्रोशित लोगों ने मुहल्ले में ही नगर पालिका के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने नगर पालिका के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन भी किया।
वार्ड नंबर 15 मुंशीपुरा नई बस्ती में पानी की समस्या है। वहां पर ही सभासद का घर है। हर साल तो कम से कम थोड़ा-बहुत पानी लोगों को मिल जाता था, लेकिन इस वर्ष तो पानी नसीब ही नहीं हुआ। पानी के लिए लोगाें को मस्जिद और अन्य स्थानों का सहारा लेना पड़ता है। वहीं सोमवार को शब-ए-बारात का त्यौहार होने के चलते यहां पर पानी कोई व्यवस्था न होने पर आक्रोशित मुहल्लेवासियों ने हाथ में बाल्टी लेकर नगर पालिका के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से एजाज अहमद, अजहर नोमानी, जावेद, शाहिद, शफिक, मुहम्मद नौशाद, इकबाल, अनस, सुफियान, शाकिब आदि शामिल रहे।
इनसेट
कई बार दी दरखास्त लेकिन नहीं हुई कोई कार्रवाई
फोटो प्रतिक्रिया
मऊ। नगर क्षेत्र के मुंशीपुरा वार्ड नंबर 15 के लोगों को नगर पालिका की उदासीनता के चलते पानी नहीं मिल पा रहा है। जिसके चलते लोगाें को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। मुहल्ला निवासी सलाउद्दीन ओर वकील अहमद ने कहा कि काफी दिनों से मुहल्ले के लोग नगर पालिका में पानी के लिए दरखास्त दे रहे हैं। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। शहनाज बानो और शकील अहमद ने कहा कि पानी न होने से सभी को काफी दिक्कत होती है। महिलाआें और बच्चों के साथ साथ बुजुर्गोें को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जबकि जावेद और एकबाल अहमद ने कहा कि नगर पालिका हमारे पानी की समस्या के प्रति काफी उदासीन है। ऐसे में आने वाले दिनों में अगर पानी नही मिला तो सड़क पर आंदोलन होगा। वहीं हसरा खातून और हुश्ना आरा ने कहा कि महिलाआें को पानी न रहने पर सबसे ज्यादा परेशानी होती है। क्योंकि महिलाएं घर का सारा कामकाज करतीं है। उन्होंने कहा कि त्यौहार पर भी पानी उपलब्ध न कराना नगर पालिका की उदासीनता का सबसे बड़ा उदाहरण है।