मऊ। उत्तर प्रदेश किसान सभा के पदाधिकारियों ने उपेक्षित पड़ी स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं के अनावरण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि कलेक्ट्रेट के प्रांगण में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. जयबहादुर सिंह और झारखंडे राय जैसे महान सेनानियों की प्रतिमाओं को जमीन पर वर्षो से रखा गया है। यह सेनानियों का घोर अपमान है। मूर्तियों को स्थापित करने के लिए दो प्लेटफार्म बनवाया तो गया है। स्व. जयबहादुर सिंह की प्रतिमा को प्लेटफार्म पर रखकर छोड़ दिया गया है। जबकि स्व. झारखंडे राय की मूर्ति को आज तक प्लेटफार्म पर भी नहीं रखा गया है। आला अधिकारियों को अवगत कराए जाने के बाद भी नेताओं की मूर्ति का अनावरण नहीं किया जा सका है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश किसान सभा के पदाधिकारी कलेक्ट्रेट में रखी गई स्व. जयबहादुर सिंह की मूर्ति को माल्यार्पण कर आंदोलन का ऐलान करेंगे। अगर 15 दिनों के अंदर दोनों मूर्तियों का अनावरण नहीं किया गया तो आंदोलन करना ही एक मात्र विकल्प होगा। ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से मदन लाल श्रीवास्तव, देवेंद्र प्रसाद मिश्र, हरिनारायन चौहान, अर्चना उपाध्याय, जितेंद्र राजभर, उदयनारायण राय, आरिफ, गुफरान, सुदर्शन, एकराम, चंद्रभान, हिसामुद्दीन, पीएन सिंह, रामबली चौहान, रामकुमार भारती, रामनरायन सिंह, इंद्रदेव शर्मा, मुन्नू यादव, रामप्यारे गौतम, सुगंती चौहान, मनोरमा साहनी, बदामी, निर्मला, रमावती, सरस्वती, कौशिल्या, निर्मला, रेवती, निर्मला, घनश्याम, रामजीत, फूलमती आदि शामिल रहे।