मऊ। दीवानी कचहरी के अधिवक्ता अफजाल अली की हत्या मामले में एसओजी और पुलिस की संयुक्त टीम ने नगर से दर्जन भर लोगों को शनिवार की रात उठाया है। इसमें एक राजनीतिक दल के कार्यकर्ता और दीवानी कचहरी के अधिवक्ता भी शामिल हैं। सूत्रों के हवाले से खबर है कि बुधवार तक घटना का ख्ुालासा हर हाल में हो जाएगा। लगातार तीन दिन सरकारी छुट्टी पड़ने के कारण पुलिस को सर्विलांस के काम में खासी दिक्कतें आईं। घटना के षड्यंत्रकारी चिह्नित हो चुके हैं। उनसे मिली जानकारियों के आधार पर पुलिस हत्यारों की धरपकड़ के लिए निरंतर दबिश दे रही है।
बीते मंगलवार को शहर कोतवाली क्षेत्र के हट्ठीमदारी निवासी अधिवक्ता अफजाल अली की बदमाशों ने कचहरी परिसर के समीप गोली मार कर हत्या कर दी थी। घटना के बाद ही चार लोगों को हिरासत में लिया गया था। इनसे मिली जानकारियों के आधार पर एसओजी और पुलिस ने शनिवार की रात नगर क्षेत्र से लगभग एक दर्जन भर लोगों को उठाया था। इसमें एक राजनीतिक दल के कार्यकर्ता और दीवानी कचहरी के अधिवक्ता भी शामिल हैं। सूत्रों के हवाले से पता चला है कि पुलिस ने घटना से जुडे़ सभी साजिशकर्ताओं को चिह्नित कर लिया है। उनकी निशानदेही पर हत्या करने वाले दोनों बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस नगर क्षेत्र समेत पड़ोसी जिलों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। लगातार तीन दिन की छुट्टी पड़ने की वजह से सर्विलांस के काम में पुलिस को खासी दिक्कतें आ रही है।
हालांकि मंगलवार को तकनीकी पहलुओं की पुष्टि कर लिया जाएगा। बुधवार को हर हाल में घटना का ख्ुालासा कर लिया जाएगा।