मऊ। गर्मी के दिनों में परदहां ब्लाक के लोगों को पीने के पानी के लिए परेशानियां उठानी पड़ सकती हैं। भूगर्भ जल विभाग की एक रिपोर्ट में परदहां ब्लाक का जलस्तर जिले में सबसे नीचे बताया गया है। जबकि दूसरे स्थान पर मुहम्मदाबाद गोहना है। सबसे ऊपर जलस्तर के मामले में घोसी अव्वल है।
जलस्तर मापने को भूगर्भ जल विभाग द्वारा जिले में 69 हाइड्रोग्राफ सेंटर बनाए गए हैं। जहां पीजोमीटर लगाकर जलस्तर की माप की जाती है। जिले के सभी ब्लाकों में हाइड्रोग्राफस्टेशन के अलावा 28कुआं भी हैं। यहां से भी जलस्तर मापा जाता है। विभाग प्रतिवर्ष सभी ब्लाकों का जलस्तर मापती है। जनवरी में हाइड्रो सेंटरों से आई रिपोर्ट के बाद नौ ब्लाकों में सबसे नीचे परदहां ब्लाक का जलस्तर पाया गया है। यहां जलस्तर 6.63 मीटर है। ऐसे ब्लाकों में हैंडपंपों का पानी अधिक गर्मी में नीचे जा सकता है। विभागीय अवर अभियंता विजय बहादुर का कहना है कि परदहां और मुहम्मदाबाद गोहना का जलस्तर अभी सामान्य है। गर्मी के दिनों में कुछ और नीचे जा सकता है। लगातार कई वर्षों तक जलस्तर गिरने से स्थिति गंभीर मानी जाती है। लेकिन पिछले दो सालों में हुई तेज बरसात के बाद जिले में सभी ब्लाकों का जलस्तर सामान्य चल रहा है।
इनसेट
जनवरी 2013 में हाइड्रोग्राफ स्टेशनों की ब्लाकवार रिपोर्ट
ब्लाक औसत (मीटर में)
घोसी 2.07
दोहरीघाट 2.87
कोपागंज 3.50
फतहपुरमंडाव 3.98
बड़रांव 4.00
रतनपुरा 4.50
रानीपुर 4.95
मुहम्मदाबाद गोहना 5.42
परदहां 6.63