इंदारा। सम्यक समाज सेवा समिति के तत्वावधान में क्षेत्र के बुढावे अली नगर स्थित अंबेडकर पार्क में रविवार की देर शाम डा. भीमराव अंबेडकर जयंती व प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर स्कूली बच्चों ने आकर्षक प्रस्तुति पेश कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समिति की ओर से 72 मेधावी छात्र छात्राओं को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जनपद की मेरिट सूची में आने पर प्राथमिक संवर्ग में बड़रांव ब्लाक के अर्पण राय, जूनियर संवर्ग में रानीपुर ब्लाक के चंदन कुमार तथा माध्यमिक संवर्ग में सुजीत सिंह को शिल्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके बाद ‘दलित एवं पिछड़ा वर्ग आंदोलन की दशा व दिशा’ विषयक गोष्ठी का आयोजन किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार वीरेंद्र यादव ने कहा कि संस्था द्वारा प्रतिभाशाली बच्चों को पुरस्कृत व सम्मानित किया जाना हम सबके के लिए प्रेरणा का विषय है। इससे छात्र छात्राओं में प्रतिस्पर्धा का रचनात्मक विकास होगा। उन्होंने साहित्यकारों का आह्वान किया कि मुुंशी प्रेमचंद ने सन 1930 में गोदान के माध्यम से दलित व पिछड़े समाज के साथ हो रहे शोषण व अत्याचार का सजीव चित्रण कर समाज को जागृत किया था। वैसे ही दलितों, पिछड़े लोगों को जागृत करने की आवश्यकता है। इसी क्रम में एआरटीओ मुजफ्फरनगर देवमणि ने कहा कि समतामूलक समाज की स्थापना तभी संभव है जब शिक्षा के महत्व को समझा जाए। इसी तरह गुरु प्रसाद ने कहा कि दलित व पिछड़ों की समस्याओं का निराकरण अंबेडकरवाद है। समारोह को चंद्रभूषण गुप्त, रामू सिद्धार्थ, डा. रामविलास भारती, अरविंद मूर्ति, पीडी टंडन आदि ने संबोधित किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से बाबू राम, सुग्रीव, मदन प्रसाद, रामभवन प्रसाद, सुदामा, आरपी राम, रवि, सुरेश, अविनाश, आदित्य गौतम आदि उपस्थित रहे।