मेरठ। विधायकों को सत्ता में आए लगभग पांच माह बीत चुके हैं। जीत से पहले इन नेताओं ने जनता से बड़े-बड़े वादे किए थे। अब उन वादों को हकीकत में बदलने का वक्त आ गया है। विधायकों ने पांच महीने में जनहित में क्या कदम उठाया, आगामी वक्त में मतदाता को वे बदलाव की क्या तस्वीर दिखाएंगे आदि के जवाब खंगालता अमर उजाला का एमएलए मीटर।
सिवालखास विधानसभा से जीतकर आए समाजवादी पार्टी के विधायक गुलाम मोहम्मद बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन देना चाहते हैं। गुलाम मोहम्मद ने मूलभूत सुविधाओं के साथ बालिका शिक्षा को प्रमुखता दी है। उन्होेंने बताया कि सिवाल गांव में सामुदायिक केंद्र, सरधना से बाड़म तक सड़क निर्माण, चंदौरा, नंगला और सिंधावली गांव में सोलर लाइट लगवाना। डालूहेड़ा से जखेड़ा धौलड़ी मार्ग का निर्माण। जानी रजवाहे के पास सड़क निर्माण और हिंडन के रास्ते को चौड़ा करने की मांग उठाई है। जिला योजना और विधायक निधि के जरिए प्रस्ताव दिए हैं। मुस्लिम बहुल इलाकों में मल्टीसेक्टोरल डेवलपमेंट योजना के तहत डिग्री कॉलेज, सरूरपुर में पॉलीटेक्निक, पिथलोकर में बिजलीघर और सिवाई में 20 बिस्तर के पीएचसी केंद्र के लिए प्रस्ताव भेजे हैं।
प्रमुख बिंदु
विधायक --गुलाम मोहम्मद
पार्टी -- समाजवादी पार्टी
कुल प्रस्ताव --16 करोड़ के
प्रमुख प्रस्ताव-- मार्ग निर्माण, नाला निर्माण, स्वच्छ पेयजल, पॉलीटेक्निक, पीएचसी, बिजलीघर और डिग्री कॉलेज
वर्जन--
सिवालखास में महिला डिग्री कॉलेज और बालिका शिक्षा के लिए विद्यालय बने। क्षेत्र की बालिकाएं उच्च शिक्षित हों और इसके लिए उन्हें परेशानी न उठानी पड़े। इसके लिए जिला योजना और एमएसडीपी के जरिए प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं। - गुलाम मोहम्मद समाजवादी पार्टी