मेरठ। दो माह के अंदर सभी परिवारों को पुराने फटे हुए राशन कार्ड से छुटकारा मिल जाएगा। राशन कार्ड में अब पेन का इस्तेमाल नहीं होगा, बल्कि कंप्यूटर से नाम, पता और सदस्यों की संख्या अंकित होगी। नए राशन कार्ड सभी परिवारों के घर- घर पहुंच जाएंगे।
गत वर्ष दिसंबर माह में राशन कार्डों का समय खत्म हो चुका। लोग फटे राशन कार्डों से परेशान हैं। इसको लेकर सरकार के निर्देश पर जनपद में गत 17 मार्च से नए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। देहात में ग्राम स्तर और शहर में वार्ड स्तर पर जगह जगह कैंप लगाए जाएंगे। वहीं तैनात अधिकारी और कर्मचारी आवेदन पत्रों के माध्यम से जांच करेंगे। 11 से 15 अप्रैल तक सभी एपीएल, बीपीएल और अंत्योदय योजना के लिए प्रस्तावित लाभार्थियों की सूची तैयार हो जाएगी। 16 से 20 अप्रैल तक तैयार सूची सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा की जाएगी। देहात में ग्राम पंचायत की खुली बैठक कर बीपीएल अंत्योदय परिवारों की सूची तैयार होगी। 27 मई से 31 मई तक सभी परिवारों को राशन कार्ड वितरित किए जाएंगे।