मेरठ/औंछा। मैनपुरी के औंछा थाना क्षेत्र के एक गांव में 70 साल का वृद्ध बारात लेकर पहुंचा तो यह चर्चा का विषय बन गया। पूरे गांव में नाबालिग के साथ शादी होने की सूचना फैल गई तो पुलिस भी पहुंची। लड़की के पिता ने बताया कि लड़की बालिग (22) है। इसके बाद पूरी रीति रिवाज से शादी हुई और दूल्हा शनिवार को दुल्हन विदा कराकर अपने घर ले आया।
शास्त्रीनगर निवासी ओमपाल (70) पुत्र सुखवीर सिंह औंछा थाना क्षेत्र के एक गांव में बारात लेकर पहुंचा। वृद्ध के साथ नाबालिग की शादी की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। नाश्ता करने के बाद जैसे ही बारात लड़की के घर की ओर चली वैसे ही किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस भी गांव पहुंच गई।
थानाध्यक्ष वशिष्ठ यादव ने दूल्हे ओमपाल से पूछताछ की। ओमपाल ने बताया कि वह सेना से रिटायर्ड है। उसने शादी के लिए अखबार में विज्ञापन दिया था। विज्ञापन के आधार पर लड़की वालों ने उससे संपर्क किया था और अपनी बेटी की शादी का प्रस्ताव रखा था। कम उम्र की लड़की के साथ शादी करने के संबंध में वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। थानाध्यक्ष ने लड़की के पिता से पूछताछ की। लड़की के पिता ने बताया कि उनकी बेटी की उम्र 22 साल है। बालिग होने के कारण वह उसकी शादी कर रहा है। शनिवार सुबह दुल्हन लेकर ओमपाल अपने घर आ गया।