मेरठ। नौचंदी मेले में पटेल मंडप के सामने लगे छोटे झूलों नगर निगम की नजर टेढ़ी हो गई। मंगलवार को अभियान चलाकर झूलों को जब्त करते हुए तालाबंदी कर दी गई। झूला मालिकों ने निगम अधिकारियों के सामने रोजगार की गुहार भी लगाई लेकिन उन्होंने सुनी एक न। निगम अधिकारियों का कहना है कि पहले पर्ची कटाओ इसके बाद झूला लगाने की अनुमति दी जाएगी। इस पर झूले वालों ने कहा कि उनसे एक ठेकेदार ने तहबाजारी वसूली और पर्ची भी नहीं दी। इसके बाद भी निगम की पर्ची कटवाने को तैयार हैं लेकिन अधिकारियों ने उनकी एक न सुनी।
अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों के साथ नौंचदी मैदान पहुंचे नगरायुक्त अब्दुल समद ने सबसे पहले मेले की व्यवस्थाओं पर बैठक की। इसके बाद पटेल मंडप के इंदिरा गांधी की प्रतिमा के सामने पार्क और फव्वारे के आसपास लगे झूलों के पास पहुंचे। करीब दो दर्जन छोटे झूलों पर जंजीर डलवाकर ताले जड़वा दिए। झूला मालिक जौनपुर के रहने वाले माबित चौहान, राकेश चौहान, बुलंदशहर के यामीन, चांद और इलाहाबाद के प्रेमचंद्र ने बताया कि खुद को ठेकेदार बताने वाले एक युवक ने उनसे तहबाजारी ली है। सभी झूले वालों ने नगरायुक्त से विधिवत रसीद कटवाकर झूले संचालित कराने की अनुमति मांगी है। इस दौरान अपर नगरायुक्त लालचंद मौर्य, कर निर्धारण अधिकारी दिनेश यादव, चीफ इंजीनियर कुलभूषण वार्ष्णेय, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजवीर सिंह, मोइनुद्दीन आदि मौजूद रहे। नगरायुक्त के निर्देश पर देर शाम को दोबारा नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजवीर सिंह झूले उठाने पहुंचे तो झूला मालिकों ने हंगामा शुरू कर दिया। विरोध के चलते निगम की टीम झूले नहीं ले जा पाई।