मुंडाली/मेरठ। शफियाबाद लोटी पुलिस चौकी के पास बृहस्पतिवार दोपहर बदमाशों ने आरएएफ इंस्पेक्टर और उसके परिजनों से 30 हजार की नगदी और आठ लाख के जेवरात लूट लिए।
अलीगढ़ निवासी सखावत हुसैन पुत्र हामिद अली आरएएफ में इंस्पेक्टर हैं। उनकी तैनाती लखनऊ में हैं। सखावत के पुत्र का निकाह खंद्रावली निवासी अयूब पुत्र ननवा की पुत्री से तय हुआ है। बृहस्पतिवार दोपहर वे अपनी पत्नी शहनाज, साले जावेद, सलहज जहांआरा पत्नी परवेज के साथ अपनी वैगनआर कार संख्या यूपी 81 एआर 5781 में सवार होकर होने वाली बहू की गोदभराई करने आ रहे थे। किठौर-हापुड़ मार्ग पर शफियाबाद लोटी पुलिस चौकी के पास पीछे से आई कार ने ओवरटेक कर रोक लिया। कार से उतरे तीन बदमाशों ने सभी को गन प्वाइंट पर ले लिया। 30 हजार की नगदी, लगभग आठ लाख के जेवरात (करीब 26 तौले सोना) और दो मोबाइल लूटकर फरार हो गए। जाते समय बदमाश इंस्पेक्टर की कार की चाबी भी ले गए। सखावत ने पुलिस को सूचना दी। मुंडाली, किठौर और खरखौदा पुलिस पहुंच गई। बदमाशों की तलाश में कांबिंग की, लेकिन उनका सुराग नहीं मिला। एसएसपी ओंकार सिंह, एसपी देहात कैप्टन एमएम बेग, सीओ किठौर श्वेताभ पांडेय भी मौके पर पहुंचे। सखावत ने मुंडाली थाने में तहरीर दी है।
महिलाओं को किया लहूलुहान
बदमाशों ने महिलाओं को गहने उतारने का समय तक नहीं दिया। उनके कानों ने कुंडल और गले से सोने की चेन बेरहमी से खींच ली। इससे महिलाएं लहूलुहान हो गई।
सात मिनट में की वारदात
सखावत हुसैन ने बताया कि तीनों बदमाशों की उम्र करीब 30 वर्ष थी। एक के पास दो पिस्टल और दूसरे के पास एक पिस्टल थी। तीसरे के पास दो तमंचे थे। वे करीब सात मिनट में ही वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।