मेरठ। वाहनों का कमेला कहे जाने वाले सोतीगंज में शनिवार को एक कबाड़ी के गोदाम में चार कारें कटती पाई गईं। मुखबिर की सूचना पर चार पुलिसकर्मियों के साथ एक कबाड़ी के गोदाम पहुंचे एएसपी अभिषेक सिंह भी कारों को कटते देख हैरत में पड़ गए। कुछ कबाड़ियों ने एएसपी को गोदाम में ही बंधक बनाने की प्लानिंग बनाई। हालांकि इससे पहले एएसपी ने कई थानों की पुलिस मौके पर बुला ली। पुलिस ने दो कटे इंजन और दस कारों की बॉडी बरामद की है। चार कबाड़ियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है।
एएसपी सदर पुलिस को बगैर बताए गनर और तीन पुलिसकर्मियों के साथ आफताब के गोदाम पर पहुंचे। यहां देखा कि दर्जनभर लोग स्कोडा और स्विफ्ट समेत चार कारों को काटा जा रहा था। पुलिस को देखते ही गोदाम में मौजूद लोगों में अफरातफरी जरूर मची लेकिन एएसपी ने भी गोदाम से बाहर आना मुनासिब समझा।
बाहर आकर उन्होंने वायरलेस से सूचना फ्लैश कर सदर, लालकुर्ती, देहली गेट, लिसाड़ीगेट समेत कई थाने की पुलिस बुला ली। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही कबाड़ी पीछे के रास्ते से फरार हो गए। पुलिस ने इंजन और कारों की बॉडी कब्जे में लेकर गोदाम सीज कर दिया है। वहीं आफताब, अलताब, असलम और अनस के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कर ली गई है।
एएसपी ने इंस्पेक्टर को किया किनारे
सोतीगंज में छापे के दौरान इंस्पेक्टर सदर बाजार को एएसपी ने किनारे करके खुद कार्रवाई का फैसला लिया। कटे इंजन की चेसिस नंबरों की पहचान, कारों की कौन सी बॉडी उठवाकर थाने भेजनी है, गोदाम सीज, किसके खिलाफ रिपोर्ट और इसके अलावा भी तमाम कार्रवाई एएसपी ने अपने सामने ही कराई। लोगों में चर्चा थी कि एएसपी को इंस्पेक्टर पर भरोसा नहीं, जिसके चलते उन्होंने खुद ही छापा मारा।
कई जिलों में फैला है नेटवर्क
किसी भी जिले में कार या कोई भी वाहन चोरी होता है तो पुलिस को सबसे पहले मेरठ के सोतीगंज का खयाल आता है। आलम यह है कि सोतीगंज में अक्सर बाहर की पुलिस का छापा लगता रहता है। कबाड़ियों को कई जिलों में नेटवर्क फैला हुआ है।
‘मलाईदार’ थाना मानती है पुलिस
सोतीगंज में वाहनों का कटान होने के चलते सदर थाने को पुलिस अफसर ‘मलाईदार’ थाना मानते हैं। इस थाने में तैनाती के लिए इंस्पेक्टर ताक में लगे रहते हैं। कुछ दिन पहले थाने के चक्कर में दो इंस्पेक्टर में टकराव की स्थिति भी बनी थी।
रोजाना कटती हैं 50 कारें
चार दिन पहले कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर आवास के सामने से कार चोरी हुई थी। एसएसपी और एसपी सिटी ने सोतीगंज खंगाला लेकिन कार का पता नहीं लगा। एक इंस्पेक्टर ने दावा किया कि सोतीगंज में रोजाना करीब 50 कारें कटती हैं। इसमें अधिकांश चोरी की होती हैं। एएसपी ने एक माह पहले भी सोतीगंज में अभियान चलाने की बात कही थी।
वर्जन
कार कटती जब्त की हैं। चारों नामजद कबाड़ी साझे में चोरी और लूट की कारें काटते हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी की तलाश में दबिश दे रही है। इंजन और चेसिस नंबर से पहचान कराकर कार्रवाई की जाएगी।
- ओंकार सिंह, एसएसपी