मेरठ। तीन दिन राहत देने के बाद शुक्रवार को लखनऊ कंट्रोल से लेकर स्थानीय स्तर तक शहर में जमकर बिजली कटौती कराई गई। रमजान के पहले जुमे में रोजेदारों को बिना बिजली के ही नमाज अदा करनी पड़ी। गरमी में रोजेदार पसीने से तरबतर हो गए। अधिकारियों ने बिजली कटौती का कारण गरमी बढ़ने पर मांग में आया उछाल बताया।
बारिश के चलते मौसम में आई नरमी से बिजली संकट कुछ कम हो गया था। मांग में कमी आने के चलते यूपीपीसीएल ने मेरठ को राहत देते हुए एक से तीन जुुलाई तक शहर को रोस्टिंग मुक्त कर दिया था। शहरवासियों को उम्मीद थी कि रमजान का पहला जुमा हाेने के चलते शहर को रोस्टिंग से मुक्ति मिलेगी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। लखनऊ कंट्रोल से दोपहर 12 बजे से लेकर पौने तीन बजे तक बिजली रोस्टिंग कराई गई। इसके अलावा पुराना आरटीओ, लेडीज पार्क, रामलीला ग्राउंड, माधवपुरम, लिसाडी गेट, लिसाडी रोड, विकासपुरी, हापुड़ रोड, एमईएस, सोफीपुर, अम्हैड़ा, अमन विहार, टीपीनगर, मलियाना, शारदा रोड, नौचंदी और घंटाघर आदि बिजलीघर क्षेत्रों में रोस्टिंग के अलावा तीन से चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। इस बारे में एसई शहर पीके निगम ने बताया कि लखनऊ कंट्रोल ने पौने तीन घंटे की रोस्टिंग कराई थी। लोकल फाल्ट होने व ओवरलोडिंग के चलते ही बिजलीघरों से लोकल कटौती कराई गई।