ग्रेटर नोएडा। दादरी कोतवाली क्षेत्र में कांशीराम आवास के पास लड़की को लेकर हुई मारपीट और फायरिंग की घटना में पुलिस ने घोड़ी-बछैड़ा के ग्राम प्रधान समेत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिए जाने का भी दावा किया है। घटना में एक की मौत हो गई थी, जबकि तीन घायल हो गए थे। इस बीच, एसीजेएम अनिल कुमार यथार्थ अस्पताल पहुंचकर आरोपी प्रदीप के बयान लिए। उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
एसपी अशोक कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार रात कांशीराम आवास में रहने वाले पवन का घोड़ी-बछैड़ा निवासी प्रदीप समेत दो युवकों से लड़की को लेकर विवाद हो गया था। पवन ने अपने साथी के साथ मिलकर दोनों युवकों की पिटाई कर दी। एक युवक ने भागकर गांव में मारपीट की सूचना दे दी। प्रदीप पैर से अपाहिज है, इसलिए भाग नहीं सका था। सूचना मिलने पर घोड़ी-बछैड़ा गांव के कुछ युवक प्रदीप को बचाने के लिए आए, तो पवन कांशीराम आवास योजना के पास पहुंच चुका था। वहां पर ही घोड़ी-बछैड़ा के युवकों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। पिटाई के दौरान पवन ने शोर मचाया तो धर्मस्थल से बाहर निकल रहे लोगों ने पिटाई करने वालों को बदमाश समझकर पवन को बचाने का प्रयास किया और उनसे भिड़ गए।
कांशीराम आवास के लोगों को भारी पड़ता देख युवकों ने फायरिंग कर दी, जिसमें वली की मौत हो गई। इसके अलावा दानिश, शहाबुद्दीन और अनीस भी गोली लगने से घायल हो गए। हालांकि, उन्होंने प्रदीप को पकड़ लिया और जमकर पिटाई की, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। आरोपी प्रदीप को यथार्थ अस्पताल में भरती किया गया।
पवन की तहरीर पर पुलिस ने घोड़ी-बछैड़ा के ग्राम प्रधान नीटू रावल, प्रदीप, विपिन, गजेंद्र, मनोज, विनोद, कालू समेत सात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने दावा किया कि प्रदीप, विपिन और कालू को गिरफ्तार कर लिया गया है। कांशीराम आवासीय कालोनी में ऐहतियात के तौर पर पीएसी तैनात कर दी गई है। एसपी का कहना है कि लड़की के मामले की खोजबीन की जा रही है।