नोएडा। ग्रेटर नोएडा में अगले महीने आयोजित होने जा रही फॉर्मूला-वन रेस शहर के ट्रैफिक के लिए आफत बनने जा रही है। देश-विदेश से आने वाले दर्शक मेट्रो के जरिए आसानी से बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट तक पहुंच सकें, इसके लिए मेट्रो स्टेशनों से करीब 200 बसें चलाने की योजना बनाई गई है। एफ-वन के दौरान सड़कों पर बढ़ने वाले हजारों अतिरिक्त वाहनों के अलावा बसों की भीड़ से शहर की व्यस्त सड़कों पर जाम लगना तय माना जा रहा है।
और पढ़ें
नोएडा ट्रैफिक पुलिस एफ-वन के दौरान ट्रैफिक की रफ्तार को सामान्य बनाए रखने के लिए कड़ी मशक्कत में जुटी हुई है, लेकिन इसके बावजूद समस्या हल होती दिखाई नहीं दे रही। एफ-वन आयोजकों ने मेट्रो स्टेशनों से आयोजन स्थल के लिए विशेष बसें चलाने की योजना से ट्रैफिक पुलिस को अवगत करा दिया है। लेकिन एक साथ जब दर्जनों बसें शहर की व्यस्त सड़कों पर उतरेंगी तो ट्रैफिक के हालात का अंदाजा खुद ब खुद लगाया जा सकता है। ट्रैफिक पुलिस भी इस बारे में सोचकर परेशान है। बताया जा रहा है कि सबसे ज्यादा बसें सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से चलाई जाएंगी, लेकिन पहले ही जाम से बेहाल रहने वाले इस मेट्रो स्टेशन के आसपास खड़ी एफ-वन की दर्जनों बसें भारी परेशानी खड़ी कर देंगी।