नोएडा। एनआरएचएम घोटाले से सबक लेते हुए स्वास्थ्य विभाग अब फूंक-फूंक कर कदम रख रहा है। शनिवार को पांच मंडलों की बैठक में प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को सीधे तौर पर चेताया था। लिहाजा सोमवार को एनआरएचएम की योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लेने के लिए एनआरएचएम की टीम जिला अस्पताल पहुंची। एनआरएचएम प्रबंध निदेशक प्रशासन डॉ. वेद प्रकाश के नेतृत्व में पहुंची टीम ने टीकाकरण से लेकर प्रसूति विभाग की सेवाओं का निरीक्षण किया। टीम अस्पताल में होने वाले टीकाकरण, प्रसव व ओपीडी से जुड़े दस्तावेज भी साथ ले गई।
ओपीडी शुरू होते ही एनआरएचएम (नेशनल रूरल हेल्थ मिशन) की टीम अस्पताल पहुंच गई। टीम ने टीकाकरण कक्ष का गहन निरीक्षण किया। डॉ. वेद प्रकाश ने न सिर्फ मौजूद टीकों की जांच की बल्कि उनके कोल्ड चेन को बनाए रखने से लेकर सिरिंज के डिस्पोजल तक की व्यवस्था के बारे में बारीकी से पूछताछ की। उन्होंने बच्चे को टीका लगवाने आई महिलाओं से भी टीकाकरण व घर-घर जाने वाले स्वास्थ्य कर्मियों के बारे में पूछा।
इसके बाद टीम ने एक्सरे की सुविधा के साथ ही प्रसूति संबंधित सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने स्पेशल व जनरल वार्ड में भर्ती महिलाओं से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली।
टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले डॉ. वेद प्रकाश ने बताया कि अस्पताल में सभी सुविधाएं सुचारु रूप से चल रही हैं। अस्पताल में हर साल सैकड़ों प्रसव होते हैं, लिहाजा जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) व जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम (जेएसएसके) को अस्पताल में औपचारिक तौर पर शुरू करने की जरूरत है। इस मौके पर अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अशोक मिश्रा व अन्य डॉक्टर मौजूद थे।