नोएडा। सेक्टर-27 स्थित कैंब्रिज स्कूल में चल रहे एसी देव इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट 2012 के सोमवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। इन मुकाबलों में कैंब्रिज और रेयान इंटरनेशनल स्कूल की टीम ने बाजी मारी।
पहला मैच एपीजे स्कूल और कैंब्रिज स्कूल के बीच हुआ। एपीजे स्कूल की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 129 रन बनाए। इसमें शौर्य ने 24, चर्चित ने 20 और राहुल ने 19 रन की भागीदारी निभाई। वहीं कैंब्रिज के छात्र पर्व ने चार ओवर में 26 रन देकर तीन विकेट लिए। गौरव ने चार ओवर में 27 रन देकर दो विकेट लिए।
जवाब में बल्लेबाजी करते हुए कैंब्रिज स्कूल की टीम ने 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 128 रन बनाए। इसमें श्रेयस ने 39 और अबोध ने 21 रन का योगदान दिया। एपीजे की ओर से शुभम ने चार ओवर में 19 रन देकर दो विकेट लिए। वहीं शौर्य ने चार ओवर में 21 रन देकर दो विकेट लिए। हालांकि सुपर ओवर मैच से कैंब्रिज स्कूल नोएडा की टीम ने मैच जीत लिया।
दूसरा मैच फादर एग्नेल स्कूल और रेयान इंटरनेशनल स्कूल की टीम के बीच हुआ। फादर एग्नेल स्कूल की टीम ने 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 129 रन बनाए। जवाब में बल्लेबाजी करते हुए रेयान की टीम ने 19.1 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 133 रन का स्कोर खड़ा कर दिया। फादर एग्नेल की ओर से गोविंद ने चार ओवर में दस रन देकर दो विकेट लिए। रेयान की टीम ने पांच विकट से मैच जीत लिया।