नोएडा। मार्च में मौसम ने अपना रंग बदलना शुरू कर दिया है। शनिवार को तेज धूप और दक्षिण पश्चिमी हवाओं के चलते दिन में पारा 33 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। ऐसा रहा तो लोगों को चिलचिलाती गर्मी में होली खेलनी पड़ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ की वजह से 14 मार्च शाम को हल्की बारिश हो सकती है।
राष्ट्रीय मध्यम अवधि मौसम पूर्वानुमान केंद्र के अनुसार, शनिवार को देश के हिमालयी क्षेत्र में एक पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखा। इससे मैदानी क्षेत्रों में दक्षिण पश्चिम हवाओं के चलने और तेज धूप से अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 15 डिग्री दर्ज किया गया। इस दौरान अधिकतम आर्द्रता 92 फीसदी और न्यूनतम 29 फीसदी दर्ज की गई। 12 मार्च को एक मजबूत वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते 14 मार्च की देर शाम को गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना भी है।