नोएडा। सीएनजी ऑटो चालक यूनियन की मांग आखिरकार पुलिस और परिवहन विभाग को माननी ही पड़ी। बिना परमिट शहर की में दौड़ रहे गाजियाबाद के ऑटो वालों पर शिकंजा कसने की मांग को लेकर यूनियन ने मंगलवार को प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। सोमवार को करीब दो घंटे चली संयुक्त बैठक में अधिकारियों के आश्वासन पर यूनियन ने प्रदर्शन करने का फैसला टाल दिया है।
ऑटो चालकों के प्रदर्शन की खबर से दिनभर पुलिस और परिवहन के अधिकारी परेशान रहे। संभावना जताई जा रही थी कि अगर प्रदर्शन हुआ तो इसका सीधा असर शहर की यातायात व्यवस्था पर पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सोमवार दोपहर करीब 2 बजे एक संयुक्त बैठक परिवहन विभाग द्वारा बुलाई गई। इसमें एआरटीओ (प्रवर्तन), एसपी ट्रैफिक, क्षेत्राधिकारी द्वितीय और थाना सेक्टर-24 के एसओ समेत ऑटो चालक यूनियन के प्रतिनिधि शामिल हुए। यूनियन के अध्यक्ष ओमप्रकाश गुर्जर ने मांग उठाई कि गाजियाबाद के ऑटो चालक बिना परमिट नोएडा में घुस जाते हैं और दबंगई दिखाकर शहर के चालकों से अवैध वसूली करते हैं।
एआरटीओ राजेश सिंह और वीके सिंह ने आश्वासन दिया कि गाजियाबाद का कोई भी ऑटो नोएडा में नहीं चलेगा। वहीं एसपी ट्रैफिक एमपी सिंह ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस भी बिना परमिट दौड़ने वाले ऑटो वालों पर पैनी नजर रखेगी। इस दौरान यूनियन की ओर से अनुज कुमार, उमेश चंद्र मिश्रा, पवन पंडित, दुलीचंद भाटी, डा. उदयवीर शर्मा आदि मौजूद रहे।