नोएडा। मीनाक्षी की हत्या में आरोपी धनौज गिरि की तलाश में राजस्थान गई पुलिस टीम बैरंग लौट आई है। वहीं एक टीम बलिया स्थित उसके गांव गई है। इसी बीच पुलिस को पता चला है कि धनौज का एक रिश्तेदार यूपी पुलिस में सिपाही है। धनौज पूर्वांचल के एक जिले में तैनात इस सिपाही के संपर्क में है। इस जानकारी पर पुलिस को उसके जल्द गिरफ्तार होने की उम्मीद जगी है। मामले की जांच कर रही थाना सेक्टर-58 पुलिस धनौज के रिश्तेदार से संपर्क साधने में जुटी है।
और पढ़ें
सूत्रों के मुताबिक, हत्या के दूसरे दिन अखबारों में खबर छपने और उसकी तलाश में पुलिस के जुटने की भनक लगने के बाद धनौज ने यूपी पुलिस में सिपाही रिश्तेदार से संपर्क किया। उसने अपने को बेकसूर बताया और हत्या का सारा ठीकरा अपने रूम पार्टनर के सिर फोड़ते हुए खुद को पुलिस से बचाने की गुहार लगाई। सिपाही ने अपने स्तर से मामले के बारे में पता किया और धनौज का झूठ पकड़ लिया। सिपाही की इस पड़ताल ने थाना सेक्टर-58 पुलिस तक उसे पहुंचा दिया। सिपाही ने धनौज की गिरफ्तारी में पूरा सहयोग करने का आश्वासन पुलिस को दिया है। गौरतलब है कि एक जुलाई को मामूरा गांव के एक मकान में मुजफ्फरनगर की रहने वाली मीनाक्षी का शव मिला था। जिसकी हत्या का आरोप उसके दोस्त धनौज पर लगाते हुए थाना सेक्टर-58 में परिजनों ने मामला दर्ज कराया था।