अमरोहा। तेज रफ्तार टाटा मैजिक ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार तीन कांवड़िये बुरी तरह जख्मी हो गए। पुलिस ने मैजिक के चालक को पकड़ लिया। जिस पर भीड़ ने चौकी घेर ली। जबरदस्त हंगामा किया। दबाव बढ़ने पर पुलिस को बिना कार्रवाई चालक छोड़ना पड़ा। उधर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार के बाद घायल शिवभक्त दिल्ली लौट गए। दिल्ली के न्यू अशोकनगर निवासी सागर रस्तोगी पुत्र हरकिशोर रस्तोगी व उसके किराएदार बन्ने पुत्र बाबूराम व पुष्पेंद्र पुत्र सुभाष निवासी अगतौली थाना मिरैसा जनपद एटा बाइक से ब्रजघाट पर कांवड़ लेकर सावन के पहले सोमवार को रामपुर के प्राचीन शिव मंदिर भमरौवा में जलाभिषेक के लिए जा रहे थे। सुबह करीब नौ बजे जैसे ही बाइक जोया चौराहे पर पहुंची सामने से टाटा मैजिक ने टक्कर मार दी। जिससे छिटक कर दूर जाकर गिरे कांवड़ियों को राहगीरों ने उठाकर किनारे बैठा दिया। पुलिस ने भाग रहे टाटा मैजिक के चालक को पकड़कर चौकी में बैठा लिया। पड़ोसी गांव का ड्राइवर देख आसपास की भीड़ चौकी पर जमा हो गई। वहीं, पुलिस ने तीनों घायलों को सीएचसी में दाखिल करा दिया। इधर, भीड़ ने पुलिस पर चालक को छोड़ने का दबाव बना हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने घेराबंदी बढ़ती देख ड्राइवर को बिना कार्रवाई छोड़ दिया। इधर, कांवड़ियों के दो साथी दिल्ली लौट गए। जबकि सागर रस्तोगी जलाभिषेक को रामपुर रवाना हो गया।