रायबरेली। बिजली कटौती और मूल्यवृद्धि को लेकर भाजपाइयों ने गुरुवार को हुंकार भरी। कलेक्ट्रेट में धरना देकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सभी ने सपा सरकार पर निशाना साधा। कहा कि यह सरकार किसान विरोधी है। क्रय केंद्रों पर उनका गेहूं नहीं तौला जा रहा है तो बिजली कटौती से फसल की सिंचाई नहीं की जा रही है। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए भाजपा आरपार की लड़ाई लड़ेगी।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील शर्मा ने कहा कि बिजली की दरों में बढ़ोतरी कर दी गई है। इसका असर सबसे अधिक गरीब तबके पर पड़ेगा। देहात क्षेत्र में बमुश्किल तीन-चार घंटे बिजली मिल रही है। बिजली कटौती के कारण किसान पिपरमिंट, उड़द की फसल की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। भाजपा नेता अतुल सिंह, दिनेश कुमार मौर्य, रामबख्श, गया प्रसाद सोनकर ने कहा कि सिंचाई के लिए नहरों से टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है। बीज केंद्रों पर कीटनाशक दवाओं की कमी है। धरने के बाद भाजपाइयों ने डीएम अमित गुप्ता के माध्यम से सूबे के राज्यपाल को मांगों का ज्ञापन भेजा। इसमें बिजली की दरों की बढ़ोतरी का आदेश वापस लिए जाने, देहात क्षेत्र में भरपूर बिजली दिए जाने आदि मांगें शामिल हैं। इस मौके पर श्याम नारायण वाजपेयी, जंग बहादुर सिंह, राजेंद्र निगम मौजूद रहे।