डलमऊ (रायबरेली)। तहसील क्षेत्र में अनियमितता मिलने पर कोटे की दो दुकानें निलंबित कर दी गई हैं। इन दुकानों को दूसरे गांव से अटैच कर दिया गया है। इससे कोटेदारों में हड़कंप मच गया है। डलमऊ तहसील क्षेत्र के बलीपुर गांव के ग्रामीणों ने एक सप्ताह पहले डीएम से शिकायत की थी कि कोटेदार धीरेंद्र बहादुर सिंह राशन डंप किए हैं, लेकिन उसका वितरण नहीं कर रहा है। डीएम के आदेश पर पूर्ति निरीक्षक अमित सिंह ने जांच की तो शिकायत सही पाई गई। उन्होंने बताया कि कोटे की दुकान को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही सिक्योरिटी भी जब्त कर ली गई है। इस गांव की कोटे की दुकान को उबरनी गांव से कर दिया गया है। उधर, इसी तहसील क्षेत्र के धीरनपुर गांव की भी कोटे की दुकान को निलंबित कर दिया गया है। शुक्रवार को ग्रामीणों ने कालाबाजारी के तहत केरोसिन पकड़ा था, जिस पर कार्रवाई की गई। इस गांव की कोटे की दुकान को रसूलपुर धरावां में अटैच कर दिया गया है।