बछरावां। रायबरेली-लखनऊ रेलखंड पर रविवार को डेमू ट्रेन से उतरने के दौरान एक महिला नीचे गिर गई और उसके दोनों पैर कट गए। गंभीर हालत में उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेजा गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताते हैं कि महिला गर्भवती थी। वह पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए आई थी। भीड़ अधिक होने के कारण रायबरेली जक्शन पर नहीं उतर पाई और बछरावां रेलवे स्टेशन पहुंच गई थी।
अमेठी जिले के गौरीगंज की रहने वाली ममता (25) पत्नी आशीष रविवार की सुबह पुलिस भर्ती परीक्षा देने के लिए प्रतापगढ़-लखनऊ के बीच चलने वाली डेमू ट्रेन पर बैठकर रायबरेली आ रही थी। उसे रायबरेली रेलवे स्टेशन पर उतरना था। साथ ही वह गर्भवती भी थी। भीड़ अधिक होने के कारण वह ट्रेन से नीचे नहीं उतर पाई और गाड़ी चल पड़ी। बछरावां रेलवे स्टेशन के आउटर के पास ट्रेन जैसे ही कुछ धीमी हुई ममता नीचे उतरने लगी। इसी दौरान वह नीचे गिर पड़ी और ट्रेन के पहिए के चपेट में आ गई। इससे उसके दोनों पैर कट गए। सिर पर भी गंभीर चोट आई। घटना देख आसपास के लोग पहुंचे। रेलवे स्टेशन के अफसरों की सूचना पर जीआरपी मौके पर पहुंची और घायल महिला को सीएचसी बछरावां पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल के बाद उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जीआरपी चौकी प्रभारी नफीस खां अहमद का कहना है कि महिला पुलिस भर्ती परीक्षा देने आई थी।