फुरसतगंज। जायस कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को बाइक सवार चार बदमाश एक सराफा दुकानदार का जेवरात से भरा बैग उठाकर भाग गए। बैग में करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवरात थे। इस घटना से हड़कंप मच गया। पुलिस ने तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जायस कस्बा निवासी संदीप कुमार की कुछ दूरी पर कस्बे में सराफा की दुकान है। सुबह दुकान पर गया। जेवरात से भरा बैग दुकान के पास रखकर दुकान खोलने लगा। इसी बीच दो बाइकों पर सवार होकर चार बदमाश आए और जेवरात से भरा बैग उठाकर भाग गए। जब तक दुकानदार शोरगुल मचाता, आरोपी दूर जा चुके थे। घटना की सूचना पर जायस कोतवाली प्रभारी विद्यासागर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़ित का कहना है कि बैग में डेढ़ लाख रुपये के जेवरात थे। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द जेवरात बरामद करके आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।