एप डाउनलोड करें
विज्ञापन

बारिश में ढही कोठरी, मां और दो बेटियों की मौत

Raebareli Updated Sun, 02 Mar 2014 05:30 AM IST
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

ऊंचाहार-सलोन (रायबरेली)। सलोन कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार रात बारिश के कारण कच्ची कोठरी ढह गई। इसके मलबे में दबकर एक महिला और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए। बताते हैं कि यह हादसा कोठरी में सीलन आने से हुआ। घायलों को सीएचसी ऊंचाहार में भर्ती कराया गया है। सूचना पर एसडीएम के साथ पुलिस गांव पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

सलोन के माया का पुरवा मजरे रसूलपुर गांव में रामअभिलाष पाल का परिवार रहता है। 15 साल पहले राम अभिलाष की मौत हो चुकी है। परिवार में पत्नी सुमन देवी बच्चों संग रहती है। उसके दो बेटे रविकांत, अरविंद और दो बेटियां सुधा, प्रियंका हैं। एक बेटा अरविंद कहीं बाहर रहकर नौकरी करता है। सुमन की छोटी बेटी प्रियंका की शादी 23 फरवरी को हुई थी। उसकी बड़ी बेटी सुधा भी बच्चों के साथ घर आई थी। शुक्रवार को प्रियंका चौथी की रस्म में वापस घर आई थी। परिवार में शादी की खुशियां छाई थीं, लेकिन ऊपर वाले को शायद कुछ और मंजूर था। रात में सुमन परिवार समेत कोठरी के अंदर सो रही थी। दो दिन से रुक-रुककर बारिश हो रही थी। इससे कच्ची कोठरी में सीलन आ गई थी। देर रात तेज बारिश होने के कारण कच्ची कोठरी भरभराकर ढह गई। इससे कोठरी के अंदर सो रहे लोग मलबे में दब गए। आननफानन ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर मलबे को हटाया और उसमें दबे घायलों को सीएचसी ऊंचाहार पहुंचाया। सीएचसी में सुमन देवी (55), बेटी सुधा (32) पत्नी रमेश कुमार निवासी दौलतपुर, प्रियंका (19) पत्नी विजय कुमार निवासी बिसइया कोतवाली सलोन को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि बेटा रविकांत (26), बहू अंकिता (25) और 11 वर्षीय तनुश्री (मृतका सुधा की लड़की) निवासी दौलतपुर घायल हुई हैं। इन सभी का सीएचसी में इलाज चल रहा है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आरबी यादव ने बताया कि तीन लोगों की मौत हुई है। सूचना पर एसडीएम ऊंचाहार सत्येंद्रनाथ शुक्ल और सलोन कोतवाल गजेंद्र पाल सिंह मौके पर पहुंचे। कोतवाल का कहना है कि बारिश के चलते कोठरी ढहने से हादसा हुआ है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें