रायबरेली (ब्यूरो)। शहर के शक्ति नगर में गुरुवार सुबह लखनऊ-प्रतापगढ़ रेलखंड पर युवक की सिर कटी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। परिवारीजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि बुधवार रात वह घर से निकला था। इसी बीच किसी ने उसे मारकर शव को पटरी पर लिटा दिया। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने घटनास्थल की जांच की। जीआरपी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत की वजह सामने आ सकेगी।
शहर के कल्लू का पुरवा का रहने वाला रंजीत सोनी (21) सब्जी मंडी स्थित एक बीज भंडार में नौकरी करता था। गुरुवार सुबह उसका शव शक्ति नगर के पास लखनऊ-प्रतापगढ़ रेलखंड पर पड़ा मिला। गेटमैन ने इसकी जानकारी स्टेशन पर दी। अधिकारियों की सूचना पर जीआरपी मौके पर पहुंची। युवक की मौत की सूचना घर पहुंची तो वहां कोहराम मच गया। परिवारीजनों के मुताबिक रंजीत बुधवार की रात घर पर बैठा था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया। फिर किसी से कुछ कहे बिना वह मोबाइल पर बात करते-करते घर से बाहर आ गया। इसके बाद वह सुबह तक लौट कर नहीं आया। रात में खोजबीन की गई, पर कुछ पता नहीं चला। सुबह उसकी मौत की सूचना मिली। मृतक के बड़े भाई पंकज सोनी व अन्य परिवारीजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उधर, एसआई चिंतामणि का कहना है कि शव को पीएम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।