रायबरेली। स्व. अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा देने के लिए रविवार को अभ्यर्थी उमड़ पड़े। सभी के चेहरे पर खुशी के भाव और परीक्षा देने की उत्सुकता साफ झलक रही थी। उत्सुकता का आलम ये रहा कि तय समय से पहले ही छात्र-छात्राएं परीक्षा केंद्र पर पहुंच गए। प्रवेश पत्र दिखाने पर अभ्यर्थियों को केंद्र में इंट्री दी गई। एग्जाम को लेकर बेहतर इंतजाम किए गए थे, जिसकी वजह से परीक्षा सकुशल निपट गई। परीक्षा के बाद केंद्र से बाहर निकले अभ्यर्थियों ने अच्छा पेपर होने पर खुशी का इजहार किया। इस दौरान एक-दूसरे से पेपर के बारे में पूछताछ की। सब अभ्यर्थियों के पास एक ही जवाब था कि पेपर बहुत अच्छा हुआ। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित स्व. अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा एसजेएस पब्लिक स्कूल में रविवार को कराई गई। परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों का उत्साह चरम पर था। वैसे तो परीक्षा केंद्र पहुंचने का समय 10 बजे था, लेकिन आठ बजे से ही अभ्यर्थियों के केंद्र पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। लिस्ट देखकर सभी अभ्यर्थी अपने कक्षों में पहुंचे। कुल 213 बच्चों ने परीक्षा में भाग लिया। पूर्वाह्न 11 से 12.15 बजे तक बच्चों ने परीक्षा दी। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रही। एसजेएस स्कूल के प्रबंध निदेशक रमेश बहादुर सिंह, प्रधानाचार्य बीना तिवारी, पीआरओ मनोज शर्मा, प्रमोद सक्सेना ने स्टाफ के साथ परीक्षा में पूरा सहयोग दिया।
इनसेट
प्रतियोगी परीक्षा रहा बेस
स्व. अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा में प्रतियोगी परीक्षा को बेस बनाकर प्रश्न पत्र तैयार किया गया था। प्रश्न पत्र में हिस्ट्री, मैथ, इंग्लिश, हिंदी और रीजनिंग के भी कुछ सवाल थे। प्रश्नपत्र कक्षा के सिलेबस के दायरे में था। इसी कारण परीक्षार्थियों को परीक्षा देने में परेशानी नहीं हुई और परीक्षा देकर परीक्षार्थी बाहर निकले तो उनके चेहरे पर अच्छा पेपर होने की खुशी साफ दिख रही थी।