रायबरेली। ऊंचाहार विद्युत उपकेंद्र में सोमवार रात आग लगने से अफरातफरी मच गई। तैनात कर्मचारियों ने किसी तरह बाहर निकलकर आग बुझाई। करीब 50 हजार आबादी अंधेरे में रही। मंगलवार सुबह दूसरे उपकेंद्र से फीडरों को जोड़कर आपूर्ति बहाल कराई गई।
ऊंचाहार उपकेंद्र से दो फीडर तहसील और जमुनापुर निकले हैं। इससे करीब 50 गांवों को बिजली आपूर्ति होती है। सोमवार रात अचानक एक पैनल के बसबार में लगा इंसुलेटर पंक्चर हो गया है। इससे सप्लाई पैनल में आ गई।
तेज आवाज के साथ धमाका हुआ और आग लग गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक पैनल धू-धूकर जल गया। करीब 50 हजार आबादी अंधेरे में डूब गई। मंगलवार सुबह ऊंचाहार के टाउन उपकेंद्र से जोड़कर सप्लाई बहाल कराई गई। एक्सईएन धर्मराज ने बताया कि विद्युत उपकेंद्र ऊंचाहार टाउन से गांवों की आपूर्ति बहाल कर दी गई है।