रामपुर। करीब साल भर पहले हुई किसान की हत्या के मामले की तफ्तीश अब सीबीसीआईडी करेगी। हत्या के आरोप में जेल भेजे गए शिक्षक और उसके साथी (जो अब जमानत पर बाहर हैं) की शिकायत पर गृह मंत्रालय ने इस संबंध में एसपी को आदेश जारी किया है। इस आदेश केबाद विवेचना सीबीसीआईडी को सौंप दी गई है।
21 अक्तूबर 12 को मुरादाबाद के मूढापांडे थाना क्षेत्र के गणेशघाट निवासी सुभाष की लाश सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मीनगर कालोनी के इलाके में मिली थी। लाश मिलने के बाद पहले पुलिस ने इस मामले को अज्ञात में दर्ज किया था,लेकिन बाद में उसके बेटे की तहरीर के आधार पर पांच लोगों को नामजद करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी। उस वक्त मामले की तफ्तीश तत्कालीन सिविल लाइंस इंस्पेक्टर आले हसन ने की। पुलिस ने विवेचना के बाद इस मामले में एक शिक्षक समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बाद में शिक्षक जमानत पर जेल से बाहर गया था। शिक्षक शंकर सिंह ने पुलिस पर झूठा फंसाने का आरोप लगाते हुए इस मामले की विवेचना किसी दूसरी पुलिस से कराने की मांग की थी। मामले की शिकायत मुख्यमंत्री के साथ ही गृहमंत्री से भी की गई थी। गृह मंत्रालय ने प्रकरण की जांच सीबीसीआईडी से कराने केआदेश दिए हैं। इस संबंध में एसपी को आदेश जारी किया गया है। सीओ सिटी आले हसन ने बताया कि पूरे मामले की तफ्तीश अब सीबीसीआईडी करेगी। इस संबंध में सिविल लाइंस पुलिस को भी आदेश जारी किया गया है।