रामपुर। विकास भवन की तीसरी मंजिल पर आग लग गई। गैलरी में रखा सरकारी रिकार्ड जल गया। बाद में कर्मचारियों ने किसी तरह आग बुझाई। कोई भी यह नहीं बता पा रहा है कि जला रिकार्ड किसका है।
विकास भवन की तीसरी मंजिल पर गैलरी में काफी समय से सरकारी रिकार्ड रखा था। शुक्रवार को करीब 12 बजे रिकार्ड में अचानक आग लग गई। सहायक निदेशक मतस्य राजेंद्र सिंह विष्ट उधर से गुजरे तो उन्हें धुआं निकलता दिखाई दिया। इतने में आग की लपटें भी उठने लगीं। सहायक निदेशक मत्सय ने एआर और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के कर्मचारियों को सूचना दी। आग लगने के सूचना पर कर्मचारियों ने इधर-उधर से बाल्टियों का जुगाड़ किसी तरह आग बुझाई। तब तक सारा रिकार्ड जल चुका था। हालांकि विकास भवन में आग बुझाने के उपकरण भी हैं, लेकिन इनमें से कोई भी काम नहीं कर रहा है। रेत की बाल्टियां भी खाली जीने के एक कोने में पड़ी हैं। विकास भवन में आग लगने की सूचना अधिकारियों को भी दे दी गई है। रिकार्ड किस विभाग का था यह कोई बताने को तैयार नहीं है। सहकारिता विभाग और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अधिकारी भी अपना रिकार्ड होने से इनकार कर रहे हैं।