बिलासपुर। पत्नी से हुए विवाद से क्षुब्ध उत्तराखंड के सीमांत ग्राम डिबडिबा की सोढ़ी कालोनी निवासी युवक रामपुर रोड स्थित इंद्रपुर रेलवे क्रासिंग के पास मालगाड़ी के सामने खड़ा हो गया। इसमें उसकी मौत हो गई, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सोढी कालोनी निवासी राजपाल सिंह (30) रुद्रपुर की सिडकुल की एक कंपनी में काम करता था। शनिवार सुबह करीब साढे़ आठ बजे वह बाइक से रुद्रपुर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन रामपुर रोड स्थित इंद्रपुर रेलवे क्रासिंग के पास उसने बाइक को रेलेवे लाइन के पास खड़ा कर दिया और खुद रामपुर की ओर से आ रही मालगाड़ी के सामने आ गया। करीब पांच सौ मीटर के बाद चालक गाड़ी रोक पाया। इस दौरान युवक के तमाम अंग इंजन में फंसे हुए थे, कुछ देर रुकने के बाद ट्रेन रुद्रपुर की ओर चली गई। रुद्रपुर रेलवे स्टेशन मास्टर ने मेमो भेजकर उत्तराखंड सीमा की पुलिस चौकी रुद्रबिलास को सूचना दी। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने पहुंचकर मृतक की शिनाख्त की और पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पांच माह पहले ही हुई थी शादी
पुलिस का कहना है कि मृतक की करीब पांच माह पूर्व शादी हुई थी। शुक्रवार रात दंपति में विवाद हो गया था, शनिवार सुबह भी विवाद हुआ। इसी के चलते युवक ने ट्रेन के सामने कटकर आत्महत्या कर ली है।