दुधारा थाना क्षेत्र के खटियावा गांव में हुआ हादसा, मकान का हिस्सा क्षतिग्रस्त
लोहरौली। दुधारा थाना क्षेत्र के खटियांवा गांव में मंगलवार रात तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर एक मकान में घुस गया। इस हादसे में मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में ट्रेलर चालक समेत दो लोग घायल हो गए। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर भोजन कर रहे थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बीएमसीटी बस्ती-मेंहदावल मार्ग स्थित खटियांवा गांव में मंगलवार रात करीब नौ बजे मेंहदावल से बस्ती की ओर जा रहा ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर राजेश कुमार बरनवाल पुत्र मंगल के मकान में घुस गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय घर के सदस्य अंदर भोजन कर रहे थे। यदि वे मकान के इसी हिस्से में होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे में ट्रेलर चालक दीनानाथ उपाध्याय गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं परासी गनवरिया निवासी नबी (23) पुत्र करम हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।