25 यूपी बटालियन में चल रहे यूपी डायरेक्ट्रेट के संयुक्त प्रशिक्षण शिविर में बृहस्पतिवार को कैडेट्स को हथियारों पर पकड़ मजबूत करने और उन्हें चलाने का प्रशिक्षण दिया गया।
इस अवसर पर कैंप कमांडेंट कर्नल केएस शेरावत ने नई दिल्ली में होने वाले महिला थल सेना कैंप की जानकारी देते हुए छात्राओं का आह्वान किया कि वह पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करें, ताकि राष्ट्रीय प्रशिक्षण में यूपी की मजबूत टीम दावेदारी कर सके। कर्नल शेरावत ने कहा कि सभी महिला-पुरुष कैडेट्स ट्रेनिंग को आत्मीयता से लें और जो कुछ सिखाया जाए उसमें दिलचस्पी पैदा करें, जिससे उन्हें जीवनोपयोगी जानकारी मिल सके। कैडेट्स के जोश और जज्बे के प्रदेश का नाम रोशन होगा। उन्होंने कहा कि स्किल्ड भारत का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब युवा अपने कार्यों में दक्षता लाएंगे।
कमांडिंग अधिकारी कीर्तिचक्र मेजर सुशील कुमार सिंह ने हथियारों की जानकारी देते हुए कहा कि फायरिंग में दक्षता तभी आएगी, जब ट्रिगर, टारगेट तथा हथियार पर पकड़ मजबूत होगी। इसके बाद थल सेना कैंप के अंतर्गत कैडेट्स को फायरिंग का अभ्यास कराया गया। दूसरे एटीसी कैंप में मैप रीडिंग का महत्व समझाते हुए मैप पढ़ने और समझने का प्रशिक्षण दिया गया। मेजर एनयू खान ने मैप की बारीकियों से महिला-पुरुष कैडेट्स को अवगत कराया। प्रशिक्षण में लेफ्टिनेंट जेपी सिंह, लेफ्टिनेंट अयूब आदि का योगदान रहा।