एप डाउनलोड करें
विज्ञापन

देर रात तक अघोषित बिजली कटौती पर भड़के संगठन

ब्यूरो /शाहजहांपुर Updated Thu, 02 Jun 2016 11:43 PM IST
विज्ञापन
देर रात तक अघोषित बिजली कटौती पर भड़के संगठन
विज्ञापन

Next Article

भीषण गर्मी और उमस भरे माहौल में देर रात से तड़के तक हो रही बिजली कटौती पर रोक लगते नहीं देख बृहस्पतिवार को कई संगठन सड़क पर उतर आए। भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने पॉवर कारपोरेशन के अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस बीच, वहां पहुंचे भाजपा विधानमंडल दल के नेता सुरेश कुमार खन्ना की अधीक्षण अभियंता आरके अग्रवाल ने प्रबंध निदेशक एपी मिश्रा से बात कराई। उधर, उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट के पदाधिकारियों ने एसई से भेंट कर चेतावनी दी कि रात में कटौती बंद नहीं होेने पर शनिवार से उनके दफ्तर में ताले डाल दिए जाएंगे।  
विज्ञापन
विज्ञापन


इसलिए भड़क उठा संगठनों का गुस्सा
पॉवर कारपोरेशन के लखनऊ सिस्टम कंट्रोल ने दिन में दो बजे से चार बजे तक और रात एक से तीन बजे तक चार घंटे की कटौती का रोस्टर प्रभावी किया है, लेकिन आपात कटौती के नाम पर दिन और रात में घंटों पॉवर कट लागू रहने से लोगों के दिन का चैन और रातों की नींद उड़ गई है। अभी तक रात में दो घंटे तक कटौती लागू रहने के बाद आधी रात को 12 बजे के बाद सप्लाई चालू हो जाती थी, लेकिन पिछले दो दिन से रात में चार से पांच घंटे की कटौती हो रही है। बुधवार को रात पौने 11 बजे गई बिजली रात तीन बजे आई। 

बिजली अफसरों को नींद हराम कर देने की चेतावनी
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह यादव और नगर अध्यक्ष अनिल वाजपेयी बाण के नेतृत्व में अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपनी नाराजगी का इजहार किया और वहां मौजूद मिले एसई अग्रवाल का घेराव करके उन पर सवालों की झड़ी लगा दी। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि रात में कटौती बंद नहीं हुई तो बिजली अफसरोें के खिलाफ नींद हराम कार्यक्रम छेड़ दिया जाएगा। 
विज्ञापन


रात की कटौती बंद कराने का एमडी ने किया वायदा
बिजली संकट पर भड़के भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदर्शन किए जाने के दौरान भाजपा विधानमंडल दल के नेता नगर विधायक सुरेश कुमार खन्ना भी एसई आफिस जा पहुंचे। उन्होंने रात की कटौती पर तीखे तेवर दिखाए तो जवाबदेही से बचने के लिए एसई अग्रवाल ने तत्काल फोन पर उनकी एमडी एपी मिश्रा से बात कराई। नगर विधायक खन्ना के अनुसार एमडी ने रात में कटौती बंद कराने का वायदा किया है। प्रदर्शन में भाजयुमो के नगर अध्यक्ष सुनील सैनी, वेद प्रकाश मौर्य, आशीष मिश्रा, सुबोध मिश्रा, रवि खुराना, दिवाकर मिश्रा, रामसनेही राठौर, बीडी वर्मा, अमन सक्सेना, शिवम शर्मा, अनूप गुप्ता, मुकेश राठौर, छंगेलाल राठौर आदि शामिल रहे।

...तो एसई ऑफिस में डाल दिए जाएंगे ताले
उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट के पदाधिकारियों को साथ लेकर अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचे जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह दुआ ने एसई अग्रवाल से दो टूक लहजे में बात करते हुए कहा कि रात में बेहिसाब कटौती से लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है। उन्होंने कहा कि रात में बिजली कटौती पर रोक नहीं लगाई गई तो शनिवार को संगठन के व्यापारी एसई ऑफिस पर ताला डालकर सड़क पर बैठने को मजबूर हो जाएंगे। अधीक्षण अभियंता ने इस बावत एमडी से हुई वार्ता का उल्लेख करते हुए कटौती में सुधार कराने का भरोसा दिया। उनसे भेंट करने वालों में नगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता, युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष ललित खुराना, राजीव गुप्ता, धर्मपाल रैना, सुरेंद्र सेठी, शाहनूर खां, संजीव राठौर, वेदप्रकाश रावत आदि शामिल रहे। 

मुख्यमंत्री से सपा जिलाध्यक्ष तनवीर ने की वार्ता
रात में होने वाली बिजली कटौती से जन सामान्य की परेशानी भांपते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से फोन पर वार्ता की। सपा जिलाध्यक्ष के अनुसार मुख्यमंत्री ने आज रात से ही जिले को रात की कटौती से मुक्त करने का आश्वासन देते हुए वायदा किया कि जिले को बहुत जल्द 22 से 24 घंटे बिजली मिलने लगेगी।  

इसलिए प्रदेश में बढ़ गया बिजली का संकट
एक्सईएन सिटी विवेक पटेल के अनुसार रोजा थर्मल पॉवर की 570 मेगावाट वाली दो इकाइयों समेत हरदुआगंज और पनकी पॉवर हाउस की दो उत्पादन इकाइयां बंद होने से बिजली संकट गहराया। उन्होंने बताया कि रोजा की दोनों इकाइयों में बृहस्पतिवार तक लाइटनिंग के बाद शुक्रवार रात से उत्पादन शुरू हो जाएगा। अन्य बिजलीघरों की बंद इकाइयां भी एक-दो दिन में चालू होते ही बिजली सप्लाई व्यवस्था पटरी पर आने की उम्मीद है।
विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें