सिद्धार्थनगर। महंगाई के बावजूद भी धनतेरस के दिन जिला मुख्यालय पर चहल पहल के साथ दुकानों में रौनक देखने को मिली। दुकानें पूरी तरह सजी दिखीं। लोग देर शाम तक खरीददारी करते नजर आएं। त्योहार में कोई खलल न होने पाए, इसके लिए पुलिस की व्यवस्था भी चौकस दिखी। बाजार में पुलिसकर्मी पूरी तरह से मुस्तैद दिखे।
धनतेरस के दिन कुछ न कुछ खरीदने की परंपरा के तहत सोने चांदी की दुकानों से लेकर बर्तन और गणेश लक्ष्मी की मूर्तियों की बिक्री जोरों पर थी। बाजार में महंगाई के बावजूद खरीददारी करने वालों की भारी भीड़ देखी गई। लोग धनतेरस के दिन सोने व चांदी के सिक्के खरीदने के अलावा बर्तन की खरीददारी पर जोर देते दिखे। मंहगाई के बावजूद जहां लोग सोने-चांदी के सिक्कों के साथ बर्तनों की खरीदारी करते दिखे। गणेश लक्ष्मी की मूर्तियों व मिठाई के साथ मिट्टी के दीपक आदि की भी खूब बिक्री हुई। इस दौरान प्लास्टिक के वस्तुओं की भी खरीददारी में तेजी रही। जिले के अन्य बाजार में भी सजी दुकानों में हो रही खरीददारी के कारण देर शाम तक पूरी रौनक रही। दुकानदार अपने सामानों की बिक्री के लिए ग्राहकों को विशेष आफर भी देते रहे। इसमें दो पहिया चार पहिया वाहनों समेत अपने दुकानदार शामिल थे। दोपहिया वाहन के डीलर सिद्धार्थ अग्रवाल ने बताया कि महंगाई तो बढ़ गई है, इसका असर भी मोटरसाइकिल बाजार पर देखने को मिला। दिवाली के दिन खरीददारी अच्छी खासी हो जाती है। बांसी, इटवा, शोहरतगढ़ समेत बढ़नी, डुमरियागंज, उसका बाजार, लोटन व बर्डपुर आदि जगहों पर बाजारों में भीड़भाड़ रही। जिला मुख्यालय पर बढ़ी भीड़ को संभालने के लिए पुलिस के जवान मुस्तैद दिखे। महिलाओं को कोई असुविधा न होने पाएं, इसके लिए महिला पुलिसकर्मी भी मुस्तैद रही। मुख्यालय के सिद्धार्थ तिराहे पर स्थिति ऐसी रही कि दोपहिया वाहनों को रेंगना पड़ा। अधिक भीड़ को देखते हुए चार पहिया वाहन चालकों को मार्केट के अंदर न जाने का आग्रह भी पुलिस कर्मी करते नजर आए। इस दौरान सिद्धार्थनगर एसओ सुधीर सिंह अपने टीम के साथ गश्त करते नजर आएं।