सीतापुर। नए साल की पहली सुबह का आगाज घने कोहरे के साथ हुआ। कोहरे का आलम यह था कि सुबह सात बजे के बाद भी कुछ दूर की चीजें भी साफ दिखाई नहीं दे रहीं थीं। सुबह 8.30 बजे विजिबिलटी मात्र 300 मीटर दर्ज की गई। सुबह 10 बजे के बाद धूप खिलने से लोगों को कोहरे से निजात मिली। मंगलवार को न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। वहीं बर्फीली हवा ने शाम को जरूर सिहरन बढ़ाई। साल के पहले दिन मंगलवार सुबह जब लोग सोकर उठे तो कोहरे की चादर में शहर सिमटा हुआ था। हवा चलने से ठिठुरते हुए लोग रजाई में दुबक गए। हालांकि दस बजते-बजते कोहरे की चादर चीर कर सूर्यदेव निकल आए, जिससे लोगों को सर्दी से राहत मिली। दिन का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दिन का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जोकि सोमवार के मुकाबले दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मौसम में आर्द्रता 37 प्रतिशत रहीं। फिर भी बर्फीली हवा ने लोग को परेशान किया।