रेउसा (सीतापुर)। थानगांव थाना इलाके में शनिवार दोपहर एक घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। लपटों ने कुछ ही देर में गांव के 18 घरों को अपनी आगोश में ले लिया। दमकल विभाग को सूचना देने के साथ ही ग्रामीण खुद ही आग बुझाने में जुट गए, लेकिन तब तक इन घरों में रखा अनाज, बर्तन व अन्य कीमती सामान राख हो चुका था।
ग्राम नसीरपुर देवरिया निवासी बुधई के घर शनिवार दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई। लपटों ने देखते ही देखते गांव के 17 अन्य घरों को भी चपेट में ले लिया। इस दौरान छन्नू लाल, रामसागर, दुर्गा, सुनील, चुन्नूलाल, हेमराज, दिनेश, रंगीलाल, जीतू, संदीप, राजेश, बड़को, नन्हू, पाहू, गया प्रसाद, भगाना, रमाकांत, मोहन लाल के घर में रखा हजारों रुपये का सामान राख हो चुका था। हादसे में करीब दस लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। सूचना पर अपर तहसीलदार न्यायिक, बीडीओ रेउसा हरिशंकर तिवारी समेत अन्य तहसील कर्मी मौके पर पहुंचे। तहसील प्रशासन ने गांव के कोटेदार को राशन व भोजन की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए हैं।