सीतापुर में 11वीं वाहिनी पीएसी में ट्रेनिंग ले रहे एक जवान दीपराज की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। उसका शव नैपालापुर-पंचमपुरवा मार्ग पर पड़ने वाली मानव रहित रेल क्रॉसिंग के निकट पड़ा मिला। वह मुरादाबाद जिले का निवासी था। घटना के संबंध में पीएसी के अधिकारी कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं।
मुरादाबाद जिले के ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र के भायपुर शरीफपुर निवासी दीपराज (25) 11वीं वाहिनी में सिपाही की ट्रेनिंग ले रहा था। शनिवार दोपहर उसका शव शहर कोतवाली क्षेत्र में नैपालापुर पंचम पुरवा मार्ग पर स्थित मानव रहित रेल क्रॉसिंग के करीब पड़ा मिला।
प्रभारी निरीक्षक दीपक शुक्ला ने बताया कि अभी तक जो जानकारी मिली है, उसमें पता चला है कि दीपराज छुट्टी लेकर अपने किसी रिश्तेदार को छोड़ने पीएसी वाहिनी से रेलवे स्टेशन आया था। जिसके बाद उसका शव रेल पटरी के करीब पड़ा मिला।
संदेह जताया जा रहा है कि रिश्तेदार को छोड़ने के चक्कर में वह ट्रेन में बैठा ही रह गया होगा और ट्रेन चल दी होगी। उतरने के प्रयास में यह हादसा हो गया। उधर, इस संबंध में 11वीं वाहिनी के अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं।
अधिकारी परिवार के आने का इंतजार कर रहे हैं। सहायक सेना नायक केश करन सिंह ने बताया कि इस संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है, कि वह किस समय पीएसी परिसर से बाहर निकला और कैसे हादसा हुआ।