वाराणसी। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री और काशी क्षेत्र के प्रभारी रामेश्वर चौरसिया ने वाराणसी सीट से नरेंद्र मोदी के चुनाव लड़ने की अटकलों को हवा देकर पार्टी कार्यकर्ताओं को उहापोह में डाल दिया है। हालांकि अब तक मौजूदा सांसद डा. मुरली मनोहर जोशी के ही यहां से दोबारा लड़ने की चर्चा चल रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं को डा. जोशी के पक्ष में माहौल बनाने को कहा भी गया है। संगठन से जुड़े लोग डा. जोशी को ही उम्मीदवार बता रहे हैं।
उधर, भाजपा के जिलाध्यक्ष डा. आजाद सिंह गौतम ने कहा कि वाराणसी से डा. जोशी ही चुनाव लड़ेंगे। पार्टी हाईकमान की ओर से हमें यही निर्देश मिला है। उन्होंने कहा कि डा. जोशी ही यहां से लड़ेंगे और जीतेंगे भी। आगामी लोकसभा चुनाव को हम एक चुनौती के रूप में ले रहे हैं। डा. जोशी को प्रत्याशी मानकर पार्टी ने यहां चुनाव की तैयारी भी शुरू कर दी है। जिला और मंडल स्तर पर समितियों का गठन हो चुका है। संगठन स्तर पर प्रभारियों की तैनाती भी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि वाराणसी सीट से डा. जोशी की उम्मीदवारी को लेकर कोई संशय नहीं है। उधर, शिवपुर विधानसभा में बैठक के दौरान उन्होंने मंडल प्रमुखों को सेक्टर और ग्राम इकाई के गठन का निर्देश दिया। कहा कि पार्टी ने अगले लोकसभा चुनाव में ‘एक बूथ 20 यूथ’ का नारा दिया है। इस नारे को पूरी तरह से लागू किया जाएगा। उन्होंने मंडल प्रमुखों से सप्ताह भर के अंदर बूथ और ग्राम प्रभारियों का चयन कर उनकी सूची जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा है।