वाराणसी। सड़क चौड़ी करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से बुधवार को भोजूबीर तिराहे से सर्किट हाउस मार्ग पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर निगम और वीडीए के बुलडोजर से कई अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए। इस कार्रवाई की जद में बाधक बना पुलिस बूथ भी तोड़ दिया गया। मार्ग पर आधा दर्जन से अधिक दुकानों के शटर तोड़े गए। कई मकानों के छज्जा गिराए गए। प्रशासन की टीम को देख काफी संख्या में लोग स्वयं ही अपना अवैध निर्माण तोड़ने लगे। तमाशबीनों को मौके से भगाने के साथ देर रात तक कार्रवाई चलती रही।
बुलडोजर चलाने से पूर्व जिन मकानों और दुकानों पर लाल निशान लगाया गया था उन लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई कि उन्हें अतिक्रमण हटाने का मौका दिया जाना चाहिए। इस प्रकार रात में कार्रवाई ठीक नहीं है। इसके पूर्व व्यापारियों ने बैठक करके कार्रवाई के विरोध की योजना बनाई थी लेकिन जब बुलडोजर ने पुलिस बूथ को तोड़ा तो लोगों को लग गया कि प्रशासन किसी की सुनने वाला नहीं है इसलिए उन्होंने विरोध नहीं किया। टीम ने भाजपा नेता राकेश अलगू की दुकान को भी तोड़ दिया।
मौके पर पहुंचे पुलिस के अधिकारी बुलडोजर के आसपास से लोगों को हटा रहे थे। इस दौरान सड़कों की चौड़ाई भी नापी जा रही थी। एक ओर बुल्डोजर चल रहा था तो दूसरी ओर ट्रैक्टर की मदद से मलबा हटाया जा रहा था। एडीएम सिटी एमपी सिंह ने बताया कि अवैध निर्माणों को तोड़ने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।